जंतर-मंतर में आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ महिला कांग्रेस का विरोध..भाजपा सांसद, अभिनेत्री कंगना रनौत के विरुद्ध महिला आयोग में की शिकायत..हुई पुतला दहन और नारेबाजी.. देखें Video

👇

रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं, विशेषकर महिला प्रदर्शनकारियों, के संबंध में भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत तथा केरल निवासी आरएसएस विचारक एवं भाजपा के पूर्व राज्य बौद्धिक प्रकोष्ठ प्रमुख टी.जी. मोहनदास द्वारा दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों के विरोध में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने बुधवार को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत सौंपने के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत का पुतला दहन कर दोनों नेताओं के खिलाफ नारेबाजी भी की।


हालांकि, महिला कांग्रेस की नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने बताया कि टी.जी. मोहनदास ने अपने यूट्यूब चैनल “Pathrika” पर जारी कई वीडियो में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही छात्राओं एवं महिलाओं को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।

शिकायत के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर कहा कि प्रदर्शन में शामिल महिलाएं “बलात्कार पसंद करती हैं।” इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रदर्शन स्थल से पुलिस हटा दी जाए तो वहां सामूहिक बलात्कार होंगे, लेकिन कोई शिकायत दर्ज नहीं होगी क्योंकि प्रदर्शनकारी महिलाएं ऐसा पसंद करती हैं। महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने जैसे हिंसक सुझाव भी दिए।

ज्ञात हो कि, शिकायत में भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के हालिया सार्वजनिक बयानों का भी उल्लेख किया गया है। महिला कांग्रेस का आरोप है कि कंगना रनौत ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे Gen-Z छात्र-छात्राओं, विशेषकर युवा महिलाओं, को लेकर “Generation Gutter”, “Ugly” और “Corrupt” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जबकि पूरे प्रदर्शन को “Filth, Garbage and Ugliness” बताया।

वहीं संगठन का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और छात्राओं की गरिमा, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली हैं तथा महिलाओं के प्रति अपमानजनक एवं शत्रुतापूर्ण माहौल को बढ़ावा दे सकती हैं।


वहीं, प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने कहा कि दोनों व्यक्तियों के सार्वजनिक बयान महिलाओं की गरिमा, सम्मान और संविधान में प्रदत्त समानता के अधिकार की भावना के प्रतिकूल प्रतीत होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में महिला आयोग का हस्तक्षेप आवश्यक है, ताकि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

देखें VIDEO



दरअसल, महिला कांग्रेस की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि टी.जी. मोहनदास एवं कंगना रनौत के सार्वजनिक बयानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित थाना एवं साइबर क्राइम प्रकोष्ठ को भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक एवं वैज्ञानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं।



फिलहाल, शिकायत सौंपने के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर में कंगना रनौत का पुतला दहन किया और कंगना रनौत तथा टी.जी. मोहनदास के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान महिला कांग्रेस की नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय शुक्ला, ममता राय, हजरून बानो, गंगा यादव, सबा अली, कल्पना सागर, डिंपल खान, पूनम पांडे सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment