👇
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर अंतर्गत छीपीपुरा गांव से रूह कपां देने वाली घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। यहां एक सनकी पति ने खाना परोसने में थोड़ी सी देरी होने पर अपनी पत्नी पर इस कदर जुल्म ढाए कि सुनने वालों के रोंगटे खड़े हो जाएं।
ज्ञात हो कि, आरोपी ने न सिर्फ अपनी पत्नी को डंडों से पीटा, बल्कि उसके गले में लोहे की भारी जंजीर डालकर ताला लगा दिया और आंगन के खंभे से बांध दिया।
24 घंटे बंधक, गर्म सरिए से दागा
वहीं पीड़िता मांगी बाई तंवर के मुताबिक, 10 जून की दोपहर उसका पति सरदार सिंह तंवर शराब के नशे में धुत होकर घर आया था। विवाद बढ़ने पर उसने पीड़िता को 24 घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए गैस चूल्हे पर लोहे का सरिया गर्म किया और महिला के पैर, कमर सहित शरीर के कई हिस्सों को बेरहमी से दाग दिया। जब महिला दर्द से चिल्लाई, तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया ताकि आवाज बाहर न जा सके। आरोपी ने धमकी दी कि अब देखता हूं तुम पुलिस के पास कैसे जाती हो।
जंजीर लटकाए 6 किमी पैदल चली पीड़िता
दरअसल, इस खौफनाक कैद से किसी तरह मौका पाकर महिला ने ताला तोड़ा और गले में जंजीर लटके हुए ही जंगल के रास्ते करीब 6 किलोमीटर का सफर तय किया। रात 10 बजे जब वह बदहवास हालत में खिलचीपुर थाने पहुंची, तो उसके गले में जंजीर और ताला देखकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। 10 साल पहले शादी के बंधन में बंधी मांगी बाई का एक बच्चा था, जिसकी 3 महीने की उम्र में मौत हो गई थी, जिसके बाद से पति अक्सर विवाद करता था।
आरोपी पति गिरफ्तार
फिलहाल, खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले पीड़िता का मेडिकल कराया। महिला की शिकायत के आधार पर विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी पति सरदार सिंह तंवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।


















