सनसनीखेज मामला .! मंदिर के पीछे मिला युवक का सिर कटा शव..चप्पल और कपड़ों से हुई शिनाख्ती..जांच में जुटी पुलिस

👇

Chhatisgarh Crime News/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हाहालद्दी मंदिर के पीछे एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। शव का सिर मौके पर नहीं मिलने से घटना ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। यह पूरा मामला दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र का है।

क्षत-विक्षत हालत में मिली लाश, रस्सी मिलने से बढ़ा संदेह

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने मंदिर के पीछे झाड़ियों के बीच एक क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। शव की स्थिति बेहद खराब थी और मौके पर उसका सिर नहीं मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना दुर्गूकोंदल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल के पास एक पेड़ से रस्सी लटकी हुई भी मिली है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया।

चप्पल और कपड़ों से हुई शिनाख्ती

दरअसल, पुलिस ने शव के धड़ के पास पड़ी चप्पल, शरीर पर मिली टी-शर्ट और अन्य पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर मृतक की शिनाख्त की। मृतक की पहचान सुकुमार किस्कु, पिता लखु, निवासी सीबीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। इसके बाद सागर स्टोन माइंस से जुड़े लोगों ने भी उसकी पहचान की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि सुकुमार किस्कु हाहालद्दी स्थित मंदिर के पास संचालित सागर स्टोन माइंस में सर्वेयर के रूप में काम करने पश्चिम बंगाल से आया था।


सिर की तलाश जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत कैसे हुई। पुलिस मामले में हर पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सिर की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment