🇮🇳
पत्थलगांव/जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पाकरगांव में गुडलक पेट्रोल पंप के सामने पोल शिफ्टिंग कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत के बाद बुधवार सुबह मामला गरमा गया।

50 लाख मुआवजा को लेकर सिविल अस्पताल के पास धरना प्रदर्शन
बता दें कि, मृतकों के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर पत्थलगांव सिविल अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान पूर्व विधायक हृदय राम राठिया, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि भगत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि जब तक मुआवजे को लेकर उचित निर्णय नहीं होता, तब तक वे शव लेने के लिए तैयार नहीं हैं।

बनी तनावपूर्ण स्थिति
दरअसल मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी एवं जवान अस्पताल परिसर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों के पहुंचने से तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पोल शिफ्टिंग के दौरान दो श्रमिकों की हुई थी मौत
फिलहाल, पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए हादसे में अलेख भगत निवासी भेड़ीमुड़ा और टोमन ध्रुव निवासी बाम्हनडीह, फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद की मौत हुई थी। वहीं हादसे में त्रिभुवन ध्रुव और लोचन मांझी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। मौके पर एडिशनल एसपी समेत जिले के अन्य थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौजूद है


















