क्या है विमान में स्मोकिंग करने की सजा? फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते दिखे युजवेंद्र चहल, वीडियो वायरल

✈️

Yuzvendra Chahal Vaping Video: पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में वो ई-सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उन पर दूसरों की जान खतरे में डालने पर कार्रवाई की मांग की है. अब सवाल है कि विमान में सिगरेट पीने पर क्या सजा मिलती है?

पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल का एक वीडियो वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि फ्लाइट अहमदाबाद से हैदराबाद जा रही थी. वीडियो में चहल ई-सिगरेट पीते हुए नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि यह वीडियो टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने फ्रेंचाइजी की यात्रा का व्लॉग बनाते हुए अपलोड किया था, जिसमें चहल वेपिंग करते हुए दिखाई दिए थे. अर्शदीप सिंह का वीडियो अपलोड करते समय शुरू में 16:56 मिनट का था. ऑनलाइन विरोध के बाद, अर्शदीप ने वीडियो की लंबाई घटाकर 16:01 मिनट कर दी.

वीडियो में दिख रहा है कि चहल ने धूम्रपान करते हुए सावधानी बरतने की कोशिश की, लेकिन पैनी नजर वाले यूजर्स ने वीडियो के उस हिस्से को लेकर ट्रोल किया. इंडिगो विमान में सवार यात्रियों की जान को खतरे में डालने के लिए चहल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. अब सवाल है कि विमान में सिगरेट या ई-सिगरेट पीने वाले पर क्या कार्रवाई सकती है?

क्या है विमान में स्मोकिंग की सजा?
पिछले कुछ समय से स्मोकिंग समेत कई दुर्व्यवहार के मामले सामने आने के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) इसको लेकर सख्त हुआ. स्मोकिंग के मामले में सजा के तौर पर DGCA 30 दिनों से अधिक की अवधि के लिए दोषी की विमान यात्रा पर प्रतिबंध लगा सकती है.

DGCA के नियमों के मुताबिक, विमान हो या वहां का शौचालय, धूम्रपान करना सख्त मना है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के निर्धारित नियमों के तहत इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं. प्रस्तावित मसौदा नियमों के अनुसार, धूम्रपान/वेपिंग करने वाले पैसेंजर को बाधा उत्पन्न करने वाला यात्री माना जाएगा.


विमान में ऐसा काम करने वाले यात्रियों पर एयरलाइनें बिना किसी समिति की समीक्षा के तत्काल 30 दिनों का उड़ान प्रतिबंध लगा सकती हैं. इन कृत्यों को “बाधा उत्पन्न करने वाला” माना जाता है, और हालांकि एयरलाइंंस अपराधियों पर तत्काल प्रतिबंध लगा सकती हैं, लेकिन समिति द्वारा दुर्व्यवहार की जांच और पुष्टि होने तक वे उन्हें औपचारिक DGCA की नो-फ्लाई लिस्ट में शामिल नहीं करती हैं.

रियान पराग विवाद के बाद अब चहल
ई-सिगरेट के विवाद में अकेले चहल नहीं हैं. हाल ही में राजस्थान राॅयल्स के कप्तान रियान पराग का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो ड्रेसिंग रूम में बैठे थे और ई-सिगरेट के कश लगाते हुए नजर आए थे. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था और यूजर्स ने सवाल उठाए थे. हालांकि, उस मामले पर यह खिलाड़ी की निजी पसंद है, यह बताकर मामला टालने की कोशिश हुई थी.

पावर बैंक को लेकर DGCA ने बदला नियम
हाल में इंडिगो की चंडीगढ़ फ्लाइट में पावर बैंक से जुड़े हादसे के बाइ डीजीसीए ने विमान में इसे ले जाने के नियम को भी बदला है. नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, यात्रियों को पावर बैंक केवल हैंड बैगेज में ले जाने की अनुमति है. चेक-इन लगेज में पावर बैंक रखना अभी भी प्रतिबंधित है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि उड़ान के दौरान ओवरहेड कंपार्टमेंट में पावर बैंक या अतिरिक्त लिथियम बैटरी न रखें.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment