कैबिनेट फेरबदल की चर्चा के बीच गडकरी बोले: अब ज्यादा काम नहीं कर सकता, अब जिम्मेदारियां नई पीढ़ी को संभालनी चाहिए

🇮🇳

नेशनल डेस्क। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अब वह पहले की तरह ज्यादा काम नहीं कर सकते और सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियां धीरे-धीरे नई पीढ़ी को संभालनी चाहिए.

नितिन गडकरी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र में संभावित कैबिनेट विस्तार और बीजेपी के संगठनात्मक बदलाव को लेकर चर्चा तेज है. गडकरी ने कहा कि अब वह पहले जितना काम नहीं कर सकते. अब जिम्मेदारियां नई पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है.

“काम की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपनी चाहिए. नई पीढ़ी आ चुकी है और पुरानी पीढ़ी उनका मार्गदर्शन कर रही है.” – केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

30 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में काम कर रहा हूं: गडकरी

वहीं, नितिन गडकरी ने कहा कि वह पिछले 30 वर्षों से लगातार सार्वजनिक जीवन में काम कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे और कई पुरस्कार भी हासिल किए.उन्होंने कहा कि अब वह पहले की तरह ज्यादा काम नहीं कर सकते, इसलिए नई पीढ़ी को आगे बढ़कर काम करने की जरूरत है. हालांकि, गडकरी ने आने वाले समय में विकास कार्यों को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि अगले कुछ वर्षों में विकास का काम और तेजी से बढ़ेगा. उनका टरगेट है कि महाराष्ट्र का कोई भी आदिवासी गांव बिजली से वंचित न रहे और राज्य के हर हिस्से में विकास साफ नजर आए.

नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर चुकी है बीजेपी

दरअसल, पिछले हफ्ते (17 अगस्त 2026) बीजेपी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया. 65 सदस्यों वाली इस टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है. इसे पार्टी संगठन में नई पीढ़ी को आगे लाने की बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. बीजेपी की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं. इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और आरएसएस के पूर्व पदाधिकारी राम माधव भी शामिल हैं. वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को पार्टी के आठ राष्ट्रीय महासचिवों में जगह दी गई है.

केंद्रीय कैबिनेट में भी फेरबदल की अटकलें तेज

फिलहाल, बीजेपी में हुए इस बड़े संगठनात्मक बदलाव के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्रीय कैबिनेट में भी फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि जल्द ही कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है और कुछ नए चेहरों को सरकार में जगह मिल सकती है.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment