पत्थलगांव- पाकरगांव के बेहरा टेंट हाउस गोदाम में लगी भीषण आग..लाखों रुपये का सामान जलकर हुआ राख..पढ़ें पूरी ख़बर

👇

पत्थलगांव/जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब बेहरा टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा टेंट, पर्दे, कुर्सियां, सजावटी सामग्री सहित लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, गोदाम के पीछे कचरा जलाया जा रहा था और उसी दौरान उठी चिंगारी ने पास स्थित गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। टेंट हाउस में रखी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी।



दरअसल, घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेने में जुट गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए घंटों बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो चुका था, जिससे संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

फिलहाल, टेंट हाउस संचालक नित्या बेहरा ने बताया कि कचरा जलाने के दौरान उठी चिंगारी से यह हादसा हुआ, जिससे उनका लाखों का नुकसान हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। तहसीलदार प्रांजल मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और आगजनी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment