👇🏿
Chhatisgarh News/रायपुर. धर्मेंद्र प्रधान के बाद अब छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग उठ रही है. राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक में रविवार को बड़ी संख्या में छात्र एकजुट हुए हैं. 12वीं बोर्ड के हिंदी विषय के पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है. इस प्रदर्शन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला है.
सख्त कानून बनाने की उठी मांग
दरअसल जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त और प्रभावी कानून लागू करने की मांग की. उनका कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मजबूत कानूनी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए.
हरिका राव को न्याय और मुआवजे की मांग
फिलहाल, प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने री-नीट एग्जाम से जुड़ी घटनाओं के बाद आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को उचित मुआवजा और न्याय देने की भी मांग की. प्रदर्शन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला. एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होकर छात्रों की मांगों के समर्थन करने पहुंचे हैं.


















