👇
Suvendu Adhikari Janta Darbar: कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय में ‘जनता दरबार’ सजा। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जनता की फरियाद सुनी।
जनता दरबार में एक बेहद भावुक करने वाला क्षण देखने को मिला।
बता दें कि, ‘जनता दरबार’ में सुंदरबन से आई एक महिला अपने दिव्यांग पति को पीठ पर लादकर न्याय की गुहार लगाने पहुंची। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
क्या है पूरा मामला?
वहीं, पीड़ित परिवार सुंदरबन इलाके का रहने वाला है। पीड़ित व्यक्ति, संन्यासी मंडल, शारीरिक रूप से अक्षम (दिव्यांग) हैं। उनके पास चलने-फिरने का कोई साधन नहीं था और न ही सरकारी योजनाओं का कोई लाभ मिल रहा था। ऐसे में उनकी पत्नी उन्हें अपनी पीठ पर उठाकर साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में चल रहे जनता दरबार तक लेकर आईं।
ज्ञात हो कि, संन्यासी मंडल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान कहा, “मैं सुंदरबन से आया हूं। मैं पूरी तरह असहाय हूं और मुझे एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (तिपहिया साइकिल) की सख्त ज़रूरत है। मेरी पत्नी को सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का भी कोई लाभ नहीं मिला। एक दिव्यांग होने के नाते, मैं खुद मंच तक गया और मुख्यमंत्री से अपने लिए एक पक्के मकान की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि अगले 7 दिनों के भीतर हमारी इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।”
सीएम ने तुरंत लिया एक्शन
वहीं, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने महिला के इस संघर्ष और पीड़ित परिवार की हालत को देखकर तुरंत मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने पीड़ित संन्यासी मंडल और उनकी पत्नी को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए परिवार को आश्वासन दिया कि 7 दिनों के भीतर उन्हें रहने के लिए मकान और आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री हर सोमवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक साल्ट लेक पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहकर लोगों की फरियाद सुनेंगे। हालांकि, इस सप्ताह कैबिनेट के विस्तार और नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के कारण सोमवार को यह कार्यक्रम तय समय पर आयोजित नहीं हो सका. यही वजह रही कि इस बार सोमवार के बजाय मंगलवार को जनता दरबार लगाया गया, जहां मुख्यमंत्री खुद जनसमस्याओं से रूबरू हुए।
कलाकारों, पेशेवरों और आम नागरिकों ने की शिकायतें
फिलहाल, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को अपना तीसरा साप्ताहिक ‘जनता दरबार’ लगाया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों, कलाकारों, पेशेवरों और आम नागरिकों ने पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और नए मुख्यमंत्री को अपनी कठिनाइयों से अवगत कराया। यहां साल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे इमारत के आसपास की संकरी गलियां प्रतीक्षालय में तब्दील हो गईं। इनमें से कई लोगों ने मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात की आस में राज्य के विभिन्न जिलों और दूर-दराज के इलाकों से यात्रा की थी।


















