👇
Chhattisgarh News/रायपुर. सुशासन तिहार के दौरान प्रदेश में हो रही अपराधिक घटनाओं और राजधानी में हुई हत्या के मुद्दे पर कांग्रेस ने फिर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया. वहीं राजधानी को क्राइम कैपिटल और प्रदेश को अपराधगढ़ करार देते हुए सवाल दागे.
बता दें कि, पीसीसी प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने आरोप लगाए कि अपराधियों में अब पुलिस और कानून का डर खत्म हो चुका है. सरकार सुशासन तिहार मना रही है और राजधानी से लेकर दुर्ग, कबीरधाम जिले तक चाकूबाजी और हत्या की घटनाएं हो गई. अब बदतर हालातों के बीच लोगों में भय का माहौल बन गया है.
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता ने दावे किए कि सरकार द्वारा नशे के कारोबार को संरक्षण देने से हिंसक वारदातें हो रही हैं. इससे पुलिस, प्रशासन और सरकार की क्षमता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. भाजपा सरकार में अवैध शराब, अफीम की खेती और सूखे नशे का कारोबार तेजी से फैला है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है.
दरअसल, सरकार की सुस्ती और नाकामी से अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बदमाशों, अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार लहराते रील बनाकर खुलेआम धमकियां देने का नया ट्रेंड चल पड़ा है. इस पर पुलिस नकेल कसने में नाकाम है. राजधानी के तेलीबांधा-श्याम नगर इलाके में पूरे मोहल्ले की लाइट गोल कर गैंगवार किया गया.


















