👇
World’s Shortest Escalator: दुनिया की सबसे छोटी एस्केलेटर सिर्फ 83.4 सेंटीमीटर ऊंची है. जानिए धरती के किस कोने में मौजूद है और इसको बनाने की वजह.
83.4 सेंटीमीटर ऊंची – दुनिया की सबसे छोटी एस्केलेटर
किसी मॉल, मेट्रो या रेलवे स्टेशन में एस्केलेटर पर चढ़ते वक्त आपके मन में ये ख्याल आया है कि सबसे छोटी एस्केलेटर कितनी सीढ़ी की होगी और यह किस देश में है? तो इस सवाल का जवाब आपको जापान के कावासाकी शहर के More’s Department Store के बेसमेंट में मिलेगा. इस एस्केलेटर की ऊंचाई सिर्फ 83.4 सेंटीमीटर (करीब 2.7 फीट) है. आकार में बेहद छोटी होने की वजह से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकॉर्ड्स ने दुनिया की सबसे छोटी एस्केलेटर का दर्जा दिया है.

एस्केलेटर में सिर्फ 5 सीढ़ियां, 4.6 सेकेंड में खत्म हो जाता सफर
आपको जानकर हैरानी होगी कि इस एस्केलेटर में सिर्फ 5 स्टेप हैं और पूरी सवारी महज 4.6 सेकेंड में खत्म हो जाती है. खास बात यह है कि यह सिर्फ ऊपर से नीचे की ओर चलती है. नीचे पहुंचने के बाद लोगों को पास में बनी सामान्य सीढ़ियों का इस्तेमाल करना पड़ता है, जो इसे और भी अनोखा बनाती हैं.
1989 में हुआ था इस एस्केलेटर का निर्माण
बता दें कि इस छोटी एस्केलेटर को Hitachi Ltd. ने अक्टूबर 1989 में तैयार किया था. इसका मकसद More’s Department Store को पास स्थित Azeria Subway Area से जोड़ना था, ताकि लोगों की आवाजाही आसान हो सके. हालांकि बाद में इसकी अनोखी बनावट ने इसे दुनिया भर में पहचान दिला दी.
किस नाम से जानी जाती है ये एस्केलेटर
जापान में लोग इस एस्केलेटर को Petit Escalator या Puchicalator नाम से जानते हैं. आज यह सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि एक मशहूर टूरिस्ट स्पॉट बन चुका है।. यहां आने वाले लोग इसकी छोटी-सी सवारी का अनुभव लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए खास तौर पर पहुंचते हैं.

दुनियाभर के पर्यटकों के लिए बनी आकर्षण
हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक इस अनोखी एस्केलेटर को देखने आते हैं. कई लोग सिर्फ इसलिए यहां पहुंचते हैं ताकि दुनिया की सबसे छोटी एस्केलेटर पर सफर कर सकें और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Records) वाले इस अनोखे आकर्षण को अपनी आंखों से देख सकें.
छोटी, लेकिन दुनिया भर में बड़ी पहचान
जापान पहले से ही अपनी बुलेट ट्रेन, ऊंची इमारतों और आधुनिक तकनीक के लिए जाना जाता है. लेकिन यह छोटी-सी एस्केलेटर साबित करती है कि रिकॉर्ड बनाने के लिए चीजों का विशाल होना जरूरी नहीं है. सिर्फ 83.4 सेंटीमीटर की यह एस्केलेटर आज जापान की सबसे अनोखी इंजीनियरिंग उपलब्धियों और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिनी जाती है.


















