👇
डिजिटल डेस्क, मॉस्को। भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन ने अंतरिक्ष की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने जीवन की पहली अंतरिक्ष यात्रा के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर उड़ान भर दी है। अनिल मेनन ने कजाकिस्तान के ऐतिहासिक ‘बैकोनूर कॉस्मोड्रोम’ से रूस के ‘सोयुज MS-29’ अंतरिक्ष यान के जरिए उड़ान भरी। इस सफर में उनके साथ रूस के दो अनुभवी अंतरिक्ष यात्री, प्योत्र दुब्रोव और अन्ना किकिना भी शामिल हैं।
वहीं, यह अंतरिक्ष यान मंगलवार रात 8:17 बजे रवाना हुआ और उम्मीद है कि करीब तीन घंटे के सफर के बाद यह अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ जाएगा। यह पूरी टीम वहां करीब आठ महीने बिताएगी और साल 2027 में धरती पर वापस लौटेगी।
अंतरिक्ष में क्या काम करेंगे अनिल मेनन?
बता दें कि आठ महीने के इस मिशन के दौरान अनिल मेनन कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोगों का हिस्सा बनेंगे। वे यह समझने की कोशिश करेंगे कि अंतरिक्ष में इंसान का शरीर खुद को कैसे ढालता है। इसके तहत शरीर में खून के दौरे, नसों की बनावट और खून में होने वाले बदलावों का अध्ययन किया जाएगा।
वहीं, इसके अलावा वे अंतरिक्ष स्टेशन के पीने वाले पानी से ग्लूकोज या सलाइन बनाने की तकनीक का परीक्षण करेंगे। यह तकनीक भविष्य में चांद और मंगल ग्रह के लंबे मिशनों में बहुत मददगार साबित होगी।
AI और ऑगमेंटेड रियलिटी का इस्तेमाल
दरअसल, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के अनुसार, मेनन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑगमेंटेड रियलिटी की मदद से किए जाने वाले एडवांस मेडिकल और अल्ट्रासाउंड टेस्ट का भी हिस्सा बनेंगे।
कौन हैं अनिल मेनन, भारत से कैसा नाता?
फिलहाल, 49 वर्षीय अनिल मेनन का नाता भारत से गहरा है। उनके पिता भारतीय और मां यूक्रेन की रहने वाली हैं। अमेरिका के मिनियापोलिस में जन्मे मेनन ने न्यूरोबायोलॉजी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और मेडिकल की पढ़ाई की है। वे एक इमरजेंसी डॉक्टर होने के साथ-साथ अमेरिकी स्पेस फोर्स में कर्नल भी हैं।


















