🇮🇳
लावाकेरा/जशपुर नगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
वहीं इसी क्रम में आज दिनांक 02.10.2026 को प्रातः करीब 09.00 बजे जशपुर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल चेकिंग के दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। वाहन में बैठे दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम उम्र 28 वर्ष एवं मो. आसिफ उम्र 34 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया।
फिलहाल, पुलिस टीम द्वारा ट्रक में लोड सामान के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लोड हैं, जिन्हें वे उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे हैं। संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा वाहन में लोड सामान की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान ट्रक के ऊपर की ओर मिर्ची से भरी बोरियां मिलीं। पुलिस टीम द्वारा इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई, तो उनमें टेप से लिपटे हुए पैकेट मिले। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया।

वहीं पुलिस टीम द्वारा मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जांच करने पर कुल 14 बोरियों में 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया।
बता दें कि बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 02 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये तथा जप्त टाटा आईसर मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। इस प्रकार मामले में पुलिस द्वारा कुल 02 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती की गई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
ज्ञात हो कि जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के कुल 16 प्रकरणों में लगभग 08 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा बरामद कर 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 17 कार एवं 01 पिकअप वाहन जप्त किए जा चुके हैं। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात निरंतर जारी है।
कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका:
मामले में अवैध गांजे की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया-
“जशपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत यह एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी दृढ़ता और निरंतरता के साथ कार्रवाई करती रहेगी।”


















