क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो 2026 का आगाज, मिल रही 50 फीसदी की छूट, महापौर मीनल चौबे ने कहा- विकसित रायपुर के लिए नगर निगम हर संभव सहयोग करने तैयार

🇮🇳

Chhattisgarh News/रायपुर। बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार शाम तीन दिवसीय ‘क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो 2026’ का भव्य आगाज हुआ। इस एक्सपो में एक ही मंच पर छत्तीसगढ़ के 50 बिल्डरों का समूह अपने 250 से अधिक प्रोजेक्ट्स के साथ शुक्रवार से रविवार (20 सितंबर) तक मौजूद रहेगा। यह साल का सबसे बड़ा प्रॉपर्टी फेयर है, जहां प्रॉपर्टी खरीदने की चाह रखने वालों को उनके बजट के अनुरूप हर तरह की प्रॉपर्टी मिल रही है।

वहीं, एक्सपो के पहले दिन पहुंचे लोगों ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि उन्हें बुकिंग कराने पर रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी की भारी छूट मिल रही है। पहले दिन फ्लैट, बंगला, मकान, विला, प्लॉट और कमर्शियल स्पेस सहित सभी सेगमेंट में जबर्दस्त बुकिंग हुई। क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो की शुरुआत भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात क्रेडाई के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में पूर्व मंत्री व विधायक राजेश मूणत मुख्य अतिथि के रूप में, जबकि विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।


हालांकि, स्वागत भाषण में पंकज लाहोटी ने कहा कि यह क्रेडाई का सातवां संस्करण (एडिशन) है। रायपुर और छत्तीसगढ़ ने हमें इतना कुछ दिया है कि हमारे लिए आज का यह दिन बेहद विशेष है, जब क्रेडाई का प्रॉपर्टी एक्सपो शुरू हो रहा है। अपने सेलिब्रेशन की इस कड़ी में अगले तीन दिनों तक हमारा प्रयास रहेगा कि यह केवल एक एक्सपो तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को एक सुनहरे भविष्य से जुड़ने का अवसर मिले। यह एक्सपो अपने सफल आयोजन से एक नई पहचान बनाएगा। हमें गर्व है कि हम रायपुरवासी हैं।

विकसित रायपुर के लिए नगर निगम हर संभव सहयोग करने तैयार : चौबे

ज्ञात हो कि, महापौर मीनल चौबे ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो और आप सभी बिल्डर इस एक्सपो के माध्यम से लोगों के इस सपने को पूरा कर रहे हैं। जहां आप सभी बिल्डरों का काम समाप्त होता है, वहां से हमारा काम शुरू होता है। घर की चारदीवारी के अंदर की सुविधाएं आप देते हैं, लेकिन बाहरी ढांचा और व्यवस्थाएं नगर निगम पूरी करता है, क्योंकि यह जिम्मेदारी शहरी सरकार की होती है। बड़े शहरों में मकान बनाने के लिए अप्रूवल मिलने में काफी समय लगता है, लेकिन रायपुर नगर निगम में बिल्डरों को बहुत जल्द अप्रूवल मिल जाता है। यदि बिल्डरों को कुछ चीजों में दिक्कतें आती हैं तो नगर निगम उन्हें सुलझाने के लिए आमंत्रित करता है, ताकि रायपुर की जनता को सस्ता और अच्छा मकान मिल सके। विकसित रायपुर के निर्माण के लिए नगर निगम हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार है।

राजेश मूणत ने कहा – पहले मैं भी बिल्डर था

वहीं समारोह के मुख्य अतिथि, पूर्व मंत्री व विधायक राजेश मूणत ने कहा कि पहले मैं भी एक बिल्डर था, तब बिल्डरों की बात करता था। अब जनप्रतिनिधि हूं तो जनता और सरकार की बात करता हूं। कल और आज का रायपुर कैसा है, यह किसी भी बिल्डर से छिपा नहीं है। अगर रायपुर को करीब से जानना है तो दलदल सिवनी के उस पार का हिस्सा, कमल विहार और बीरगांव को देखना होगा। रायपुर के भौगोलिक क्षेत्र को देखें तो एक तरफ इंडस्ट्रीज हैं और दूसरी तरफ एजुकेशन हब है। शहर के बीच का हिस्सा काफी कंजस्टेड (घना) हो गया है, इसलिए अब प्रोजेक्ट्स का 75 प्रतिशत काम खम्हारडीह की ओर चल रहा है, जहां दलदल सिवनी, आमासिवनी और कचना में तेजी से मकानों का निर्माण हो रहा है। जहां जितना विकास होता है, वहां उतनी ही समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं, लेकिन समस्या के साथ-साथ समाधान भी आपस में ही मिल जाता है, बस उसे समझने की जरूरत है। रायपुर में पहले फ्लैट्स का चलन ना के बराबर था और केवल एक या दो कॉम्प्लेक्स ही बने थे, लेकिन आज रायपुर के चारों तरफ फ्लैट्स और कॉम्प्लेक्स देखने को मिलते हैं।

शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प लें

वहीं, मूणत ने आगे कहा कि भविष्य की दृष्टि से आने वाले समय में रायपुर बहुत ग्रोथ (विकास) करने वाला है। शहर का विस्तार तो होगा, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की अभी भी दरकार है। चाहे ट्रैफिक की समस्या हो, पेयजल की हो या ड्रेनेज सिस्टम की, इन सभी क्षेत्रों में बहुत कुछ करने की आवश्यकता है, इसलिए हम जनप्रतिनिधि और बिल्डर दोनों मिलकर इस शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प लें तो एक दिन हमारा रायपुर निश्चित रूप से स्वच्छ और सुंदर बनेगा।

उन्होंने कहा, महाराष्ट्र की तुलना में छत्तीसगढ़ में स्थितियां बहुत बेहतर हैं, क्योंकि यहां के 90 प्रतिशत बिल्डर स्थानीय (लोकल) हैं, जिन्होंने रायपुर को जाना, पहचाना और करीब से समझा है। हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि रायपुर की आबादी 22-23 लाख है। अगर कोई बड़ा और सुरक्षित शहर है तो वह हमारा रायपुर है, जिसे हम ‘शांति का टापू’ कह सकते हैं। इस एक्सपो के माध्यम से रायपुर के लोगों के आशियाने का सपना पूरा हो, इसके लिए पूरी क्रेडाई टीम को बधाई। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन सचिव अभिषेक बछावत ने किया।

क्रेडाई मेंबर्स रहे मौजूद

दरअसल, इस अवसर पर क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पंकज लाहोटी, चेयरमैन मृणाल गोलछा, सचिव अभिषेक बछावत, आईपीपी संजय रहेजा, कोषाध्यक्ष आयुष मोदी, प्रोग्राम चेयरमैन अशोक मूंदड़ा, प्रतीक केवलानी और नवनीत अग्रवाल सहित क्रेडाई के कई वरिष्ठ व कनिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।

रेरा और बैंक स्टॉल पर भी दिखी भीड़

फिलहाल, प्रॉपर्टी खरीदने आए ग्राहक केवल बिल्डर्स के स्टॉल पर ही नहीं, बल्कि रेरा (RERA) और बैंकों के स्टॉल्स पर भी बड़ी संख्या में पूछताछ करते नजर आए। लोग वैधानिक (लीगल) विषयों की जानकारी रेरा के स्टॉल से, जबकि फाइनेंस से जुड़ी जानकारी बैंकों के स्टॉल से प्राप्त कर रहे थे।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment