👇
बागबहार/जशपुरनगर | छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बागबहार में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन और ‘जनता के द्वार तक प्रशासन’ के संकल्प को जशपुर जिले में एक बड़ी सफलता मिली है।
बता दें कि, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप जिले के बागबहार तहसील में एसडीएम (SDM) लिंक कोर्ट का विधिवत संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इस ऐतिहासिक निर्णय से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों में हर्ष की लहर है।
एसडीएम लिंक कोर्ट शुरू होने से होगी ये सुविधाएं
↪️बागबहार में लिंक कोर्ट शुरू होने का सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र के 53 गांवों के निवासियों को मिलेगा। अब तक इन ग्रामीणों को अपने राजस्व मामलों, जमीनी विवादों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय कर पत्थलगांव जाना पड़ता था।
↪️कोर्ट शुरू होने से ग्रामीणों के समय, श्रम और यात्रा पर होने वाले खर्च की सीधी बचत होगी।
↪️कोर्ट शुरू होने से स्थानीय स्तर पर सुनवाई होने से लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण अब और तेजी से हो सकेगा। सप्ताह में हर बुधवार को लगेगी।
वहीं अदालत प्रशासनिक व्यवस्था के अनुसार, बागबहार में एसडीएम लिंक कोर्ट का संचालन प्रत्येक सप्ताह बुधवार को किया जाएगा। इससे दूरस्थ अंचलों में रहने वाले नागरिकों को न्याय प्रक्रिया से जुड़ने में आसानी होगी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ बनेगी।
मुख्यमंत्री ने दो माह के भीतर किया वादा पूरा
दरअसल, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इसी वर्ष 24 जनवरी 2026 को कोतबा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जनभावनाओं को समझते हुए बागबहार में एसडीएम लिंक कोर्ट शुरू करने की घोषणा (वादा) की थी। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि महज दो महीनों के भीतर इस घोषणा को पूरा किया है।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
फिलहाल, लिंक कोर्ट के शुभारंभ पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह पहल दर्शाती है कि सरकार अंतिम व्यक्ति की समस्याओं के प्रति गंभीर है। इस कदम से प्रशासन अब जनता के और भी करीब आ गया है।


















