🇮🇳
Diabetes Breakfast Recipes: अगर आपके घर में भी डायबिटीज वाले लोगों के लिए सुबह का नाश्ता बनाना किसी टेंशन से कम नहीं है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको 5 ऐसी आसान रेसिपीज के बारे में बताएंगे, जो टेस्टी होने के साथ डायबिटीज फ्रेंडली नाश्ते के अच्छे ऑप्शन भी हैं.
Diabetes Breakfast Recipes: मेरे घर में सुबह के नाश्ते को लेकर अक्सर यही चर्चा होती है कि आज ऐसा क्या बनाया जाए, जो खाने में टेस्टी भी हो और सेहत के लिए अच्छा भी रहे. खासकर जब बात डायबिटीज वाले लोगों की हो, तो नाश्ता चुनने में थोड़ी ज्यादा परेशानी होने लगती है. एक दिन सुबह नाश्ते में पोहा बनाया, तो किसी का मन उसे खाने का नहीं था. दूसरे दिन पराठे बनाने की सोची, तो तेल और मैदे वाली चीजों को लेकर टेंशन होने लगी. ऐसे में समझ नहीं आता कि आखिर रोज सुबह ऐसा क्या बनाया जाए, जिसे खाकर पेट भी भर जाए और ब्लड शुगर का भी ध्यान रखा जा सके.
अगर आपके घर में भी किसी को डायबिटीज है और आप रोज सुबह नाश्ते के लिए नए-नए ऑप्शंस तलाशते रहते हैं, तो अब आपको ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज मैं आपके लिए 5 ऐसी आसान रेसिपीज लेकर आया हूं, जिन्हें घर पर बनाना बहुत ही आसान है. इन रेसिपीज में दाल, सब्जियों, होल ग्रेन्स और प्रोटीन वाली चीजों का इस्तेमाल किया गया है. तो चलिए, इनके बारे में विस्तार से जानते हैं.
नाश्ते में चटपटा खाना है तो बेसन का चीला
अगर आपको सुबह नाश्ते में कुछ चटपटा खाने का मन करता है, तो बेसन का चीला एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी बेसन लें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और हरा धनिया डाल दें. इसके बाद स्वाद के हिसाब से नमक, थोड़ा अजवाइन और जरूरत के हिसाब से पानी मिलाकर बैटर तैयार कर लें. अब गर्म तवे पर थोड़ा सा तेल लगाएं और इस घोल को फैलाकर चीला बना लें. इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. आप चाहें तो इसमें अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी मिला सकती हैं. बेसन में प्रोटीन और फाइबर मिलता है. इसे कम तेल में बनाकर बिना चीनी वाले दही के साथ खाया जा सकता है. इससे नाश्ते में प्रोटीन भी शामिल हो जाएगा और पेट भरा हुआ महसूस होगा.

ब्रेकफास्ट में ट्राय करें सब्जियों वाला ओट्स
अगर आप रोज सुबह एक ही तरह का नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं, तो आपको सब्जियों वाला ओट्स जरूर ट्राई करना चाहिए. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. अब इसमें जीरा, बारीक कटा प्याज, गाजर, बीन्स और अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां डालकर हल्का भून लें. इसके बाद इसमें ओट्स, थोड़ा नमक और जरूरत के हिसाब से पानी डाल दें. अब इसे कुछ मिनट तक पकाएं, जब तक ओट्स अच्छी तरह सॉफ्ट न हो जाएं. आपका गरमा-गरम सब्जियों वाला ओट्स तैयार है. ओट्स में फाइबर होता है और सब्जियां मिलाने से नाश्ता और भी अच्छा बन जाता है. इसे बनाते समय ज्यादा तेल या बटर डालने से बचें. आप चाहें तो इसके साथ बिना चीनी वाला दही भी खा सकते हैं.
टेस्टी और प्रोटीन लोडेड मूंग दाल का चीला
अगर आपको नाश्ते में ऐसी चीज चाहिए, जो खाने में स्वादिष्ट होने के साथ प्रोटीन भी दे, तो मूंग दाल का चीला बनाकर देख सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें. सुबह इसका पानी निकालकर दाल को मिक्सर में पीस लें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरा धनिया, अदरक और थोड़ी हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के हिसाब से पानी डालकर बैटर तैयार करें. अब तवे पर थोड़ा सा तेल लगाएं और बैटर फैलाकर चीला सेंक लें. इसे दोनों तरफ से गोल्डन होने तक पकाएं. मूंग दाल में प्रोटीन और फाइबर मिलता है. इसे कम तेल में बनाकर दही के साथ खाया जा सकता है. ध्यान रखें कि मूंग दाल में भी कार्बोहाइड्रेट होता है, इसलिए इसे अपनी जरूरत के हिसाब से खाएं.
आसानी से पेट भर देगा पनीर भुर्जी और रोटी
कई लोगों को सुबह नाश्ते में कुछ ऐसा खाना पसंद होता है, जिससे पेट अच्छी तरह भर जाए. अगर आपके साथ भी ऐसा है, तो पनीर भुर्जी और रोटी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. अब इसमें जीरा और बारीक कटा प्याज डालकर हल्का भून लें. इसके बाद टमाटर और शिमला मिर्च डालें. जब सब्जियां थोड़ी नरम हो जाएं, तो इसमें मसला हुआ पनीर, हल्दी और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसे कुछ मिनट पकाने के बाद ऊपर से हरा धनिया डाल दें. अब इसे साबुत गेहूं की रोटी के साथ गर्मागर्म सर्व करें. पनीर से प्रोटीन मिलता है और रोटी से कार्बोहाइड्रेट. इस नाश्ते को बनाते समय तेल और बटर का ज्यादा इस्तेमाल न करें. साथ ही रोटी की क्वांटिटी अपनी डाइट के हिसाब से रखें.
अगर अंडा पसंद है तो सब्जियों वाली अंडा भुर्जी
अगर आप अंडा खाते हैं, तो सुबह के नाश्ते में सब्जियों वाली अंडा भुर्जी भी बनाकर देख सकते हैं. इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसके लिए आपको बहुत सारी चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती. सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च डालकर कुछ मिनट पकाएं. इसके बाद इसमें अंडे फोड़कर डालें और अच्छी तरह चलाते हुए पकाएं. ऊपर से थोड़ा नमक, काली मिर्च और हरा धनिया डाल दें. आपकी अंडा भुर्जी तैयार है. इसे साबुत गेहूं की रोटी या अपनी डाइट के हिसाब से ब्रेड के साथ खा सकते हैं. अंडे में प्रोटीन होता है, जबकि सब्जियों से फाइबर और दूसरे जरूरी न्यूट्रिएंट्स मिलते हैं. अगर आप अंडा नहीं खाते, तो इसी तरीके से पनीर भुर्जी बनाकर भी खा सकते हैं.


















