आज के दूसरे टी20 में ईशान किशन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका? जानें भारत की संभावित Playing XI

🏏

IND vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा. पहले मैच में 226 रन का लक्ष्य हासिल कर 1-0 की बढ़त बनाने वाली टीम इंडिया की नजर अब सीरीज में अपनी बढ़त दोगुनी करने पर होगी. हालांकि, दूसरे मुकाबले से पहले भारत को ईशान किशन के रूप में बड़ा झटका लगा है.

IND vs NZ 2nd T20I: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में शानदार रन चेज के बाद अब टीम इंडिया की नजर दूसरे मुकाबले पर है. भारत ने गुरुवार को हेगले ओवल में खेले गए सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड के 225 रन के स्कोर को पीछे छोड़ते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की थी. अब शनिवार को इसी मैदान पर भारतीय टीम 2-0 की बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी.



लेकिन दूसरे मुकाबले से पहले टीम इंडिया के सामने एक बड़ा बदलाव करना पड़ेगा. विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण दूसरे टी20 से बाहर हो गए हैं. ऐसे में बिहार के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग XI में मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है.

ईशान किशन को लगी चोट, दूसरे टी20 से बाहर


बीसीसीआई ने शुक्रवार को बताया कि ईशान किशन दाएं पैर की लो-ग्रेड एडडक्टर स्ट्रेन के कारण दूसरे टी20 में उपलब्ध नहीं रहेंगे. यह चोट उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच के दौरान लगी थी. बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है. ईशान के बाहर होने के बाद भारतीय टीम को अपनी बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना होगा.

वैभव सूर्यवंशी कर सकते है ओपनिंग


मौजूदा समीकरणों को देखें तो वैभव सूर्यवंशी की प्लेइंग XI में एंट्री लगभग तय मानी जा रही है. 15 साल के वैभव ने इसी साल भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था और अब वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे. अगर वैभव को ओपनिंग की जिम्मेदारी मिलती है तो वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं.

पहले टी20 में अभिषेक ने सिर्फ 12 गेंदों में 29 रन की तूफानी पारी खेली थी. हालांकि वह अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके थे. दूसरे मुकाबले में उनसे एक बार फिर तेज शुरुआत की उम्मीद होगी.

वैभव के आने से नंबर-3 पर जाएंगे संजू सैमसन



अगर वैभव को ओपनिंग में भेजा जाता है तो इसका सीधा असर संजू सैमसन के बल्लेबाजी क्रम पर पड़ेगा. ऐसे में संजू नंबर-3 पर खेलते हुए नजर आ सकते हैं. संजू ने पहले टी20 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 67 रन बनाए थे. उन्होंने अभिषेक के साथ मिलकर भारत को रन चेज में तूफानी शुरुआत दिलाई थी.

दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित Playing XI

नंबर- खिलाड़ी- भूमिका

1 अभिषेक शर्मा ओपनर
2 वैभव सूर्यवंशी ओपनर
3 संजू सैमसन विकेटकीपर-बल्लेबाज
4 श्रेयस अय्यर (कप्तान) बल्लेबाज
5 तिलक वर्मा बल्लेबाज
6 नितीश कुमार रेड्डी ऑलराउंडर
7 नमन धीर ऑलराउंडर
8 अक्षर पटेल ऑलराउंडर
9 भुवनेश्वर कुमार तेज गेंदबाज
10 अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाज
11 मयंक यादव तेज गेंदबाज

बाकी खिलाड़ियों की जगह लगभग तय

दूसरे टी20 के लिए भारतीय टीम की बाकी बल्लेबाजी में बड़े बदलाव की संभावना कम है. कप्तान श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी और नमन धीर अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं. नमन धीर ने पहले मैच में सिर्फ 15 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. उनके इस प्रदर्शन के बाद उन्हें बाहर करने का सवाल ही नहीं उठता. ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी टीम का हिस्सा बने रहेंगे.

गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
पहले टी20 में भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को रोकने में कामयाब नहीं रहे थे. न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 225 रन बनाए थे. लंबे समय बाद टी20 इंटरनेशनल में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 49 रन दिए. वहीं अर्शदीप सिंह और मयंक यादव भी काफी महंगे साबित हुए.

भारत के पास टीम में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिन विकल्प भी मौजूद हैं, लेकिन पहले मैच में टीम ने किसी विशेषज्ञ स्पिनर को प्लेइंग XI में जगह नहीं दी थी. दूसरे मुकाबले में भी टीम संयोजन में बड़ा बदलाव होने की संभावना कम नजर आ रही है.

भारतीय टीम: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव, प्रिंस यादव, कुलदीप यादव, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment