🇮🇳
पत्थलगांव/जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड क्षेत्र के तमता-डूमरबहार मार्ग स्थित पतराटोली गांव के बूढ़ानाला पर बहुप्रतीक्षित पुलिया का निर्माण कार्य अब पूरी तरह संपन्न हो गया है। लगभग 3 करोड़ 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस नई पुलिया के बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को जर्जर पुलिया और बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से स्थाई मुक्ति मिल गई है। पुलिया से आवागमन सुचारू रूप से शुरू होने से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
मजबूत पुलिया बनने से दुर्घटना टली
वहीं, बूढ़ानाला पर बनी पुरानी पुलिया अत्यंत जर्जर और जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी थी, जिससे हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता था। मानसून के दिनों में नाले के उफान पर आने से तमता और डूमरबहार के बीच संपर्क पूरी तरह कट जाता था। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए शासन द्वारा 3.33 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसके बाद पुरानी संरचना को ध्वस्त कर नए सिरे से मजबूत पुलिया का निर्माण कराया गया।
छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू
दरअसल, ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को गति देते हुए बीते दो माह पूर्व से ही पुलिया का काम पूर्ण कर लिया गया है। सुरक्षा मानकों की जांच के बाद अब इस नए पुल से छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई है।
आवागमन में होगी सुगमता
फिलहाल, पुलिया के शुरू होने से न केवल तमता और डूमरबहार बल्कि पतराटोली सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों का आवागमन सुगम हो गया है। अब ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मरीजों को जिला व ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने पुलिया का निर्माण समय पर पूरा होने पर प्रसन्नता जताई है।


















