🇮🇳
Chhattisgarh News/जगदलपुर। हाउसिंग बोर्ड के निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में मजदूरी कर रहीं 8 नाबालिग बालिकाओं का शनिवार देर शाम रेस्क्यू किया गया. मुखबिर से मिली सूचना पर जिला पुलिस बल, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टास्क फोर्स ने शहर के सिटी ग्राउंड के सामने निर्माण स्थल पर औचक छापा मारा था.
दरअसल, इस अभियान का नेतृत्व मानव तस्करी निरोधक इकाई के जिला नोडल अधिकारी और उप पुलिस अधीक्षक ने किया. मौके पर जोखिम भरे निर्माण कार्यों में 8 नाबालिग बालिकाएं काम करते हुए पाई गईं, जो प्राथमिक जांच के अनुसार बस्तर जिले की ही रहने वाली हैं.
फिलहाल, टास्क फोर्स ने तत्परता दिखाते हुए सभी बालिकाओं को कार्यस्थल से तत्काल मुक्त कराया और वैधानिक पुनर्वास प्रक्रिया के तहत चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया. जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम कराने वाले संबंधित ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.


















